सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

श्रुत पंचमी प्राकृत भाषा दिवस एक नई शुरुआत






*श्रुत पञ्चमी प्राकृत भाषा दिवस : एक नयी शुरुआत*

*✍️प्रो.डॉ अनेकांत कुमार जैन ,नई दिल्ली*


                          *णमो धरसेणाणं य भूयबलीपुप्फदंताणं सयय ।*
 *सुयपंयमीदियसे य लिहीअ सुयछक्खंडागमो ।।*

श्रुत पंचमी के दिन भगवान महावीर की मूल वाणी द्वादशांग के बारहवें अंग दृष्टिवाद के  अंश रूप श्रुत अर्थात् षटखंडागम को लिखने वाले आचार्य पुष्पदंत और भूतबली तथा उन्हें श्रुत का ज्ञान देने वाले उनके गुरु आचार्य धरसेन को मेरा सतत नमस्कार है ।

वास्तव में यह एक आश्चर्य जनक घटना थी,अन्यथा आज हमारे पास मूल वाणी के नाम पर कुछ नहीं होता | आचार्य धरसेन यदि श्रुत रक्षा के लिए आचार्य पुष्पदंत और भूतबली को अपने पास न बुलाते , उन्हें भगवान् की मूल वाणी न सौंपते और वे षटखंडागम ग्रन्थ को लिपि बद्ध न करते तो अन्य ग्यारह अंगों की भांति यह भी लुप्त हो जाता | प्राकृत भाषा में रचित षटखंडागम की रचना करके उन्होंने न सिर्फ श्रुत ज्ञान की रक्षा की बल्कि जैन आगमों की भाषा ‘प्राकृत’ की भी रक्षा की | यही कारण है कि श्रुत पञ्चमी के दिन को प्राकृत भाषा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है |

*सभी भाषाओं की जननी जनभाषा प्राकृत*

 
महाकवि वाक्पतिराज (आठवीं शताब्दी) ने प्राकृत भाषा को जनभाषा माना है और इससे ही समस्त भाषाओं का विकास स्वीकार किया है। गउडवहो(गाथा ९३) में वाक्पतिराज ने कहा भी है -

*सयलाओ इमं वाआ विसन्ति एक्तो य णेंति वायाओ।*
*एन्ति समुद्दं चिय णेंति सायराओ च्चिय जलाईं।।*

अर्थात् 'सभी भाषाएं इसी प्राकृत से निकलती हैं और इसी को प्राप्त होती हैं। जैसे सभी नदियों का जल समुद्र में ही प्रवेश करता है और उससे ही (वाष्प रूप में) बाहर निकलकर नदियों के रूप में परिणत हो जाता है।

 
*आगमों की भाषा प्राकृत*


प्राकृत भाषा भारत की प्राचीनतम भाषा है जिसने भारत की अधिकांश क्षेत्रीय भाषाओँ को समृद्धि प्रदान की है | भगवान् महावीर की दिव्यध्वनि में जो ज्ञान प्रकट हुआ वह मूल रूप से प्राकृत भाषा में संकलित हैं  जिन्हें प्राकृत जैन आगम कहते हैं | सम्पूर्ण द्वादशांग इसी भाषा में है |सिर्फ जैन आगम ही नहीं बल्कि प्राकृत भाषा में लौकिक साहित्य भी प्रचुर मात्रा में रचा गया क्यों कि यह प्राचीन भारत की जन भाषा थी |‘प्राकृत’ का समृद्ध साहित्य है, जिसके अध्ययन के बिना भारतीय समाज एवं संस्कृति का अध्ययन अपूर्ण रहता है। इस भाषा में कथा और काव्य साहित्य भरा पड़ा है |
 आयुर्वेद ,गणित ,भूगोल ,जीवविज्ञान ,भौतिक विज्ञान ,रसायन शास्त्र,आहार विज्ञान,संगीत,ज्योतिष तंत्र मन्त्र  आदि अनेक विषयों पर प्राकृत साहित्य में प्रचुर सामग्री है |

*प्राकृत भाषा का संरक्षण किसकी जिम्मेवारी ?*

आश्चर्य होता है कि भारत वर्ष की प्राचीन मूल मातृभाषा होने के बाद भी आज इस भाषा का परिचय भी भारत के लोगों को नहीं है | प्राकृत परिवर्तन प्रिय भाषा थी अतः वह ही काल प्रवाह में बहती हुई अपभ्रंश के रूप में हमारे सामने आई तथा कालांतर में वही परिवर्तित रूप में  राष्ट्र भाषा हिंदी के रूप में ,हिंदी के विविध रूपों में हमें प्राप्त होती है | प्राकृत भाषा ने लगभग सभी क्षेत्रीय भाषाओँ को समृद्ध किया है | 

आज भाषा के क्षेत्र में बहुत काम हो रहा है | संस्कृत, हिंदी आदि भारतीय भाषाओँ के रक्षण की भी बात बहुत होती है और कार्य भी बहुत हो रहे हैं किन्तु प्राकृत भाषा की संपदा को बचाने और समृद्ध करने की दिशा में अभी वैसे कार्य न तो सामाजिक स्तर पर हो रहे हैं और न ही राजकीय स्तर पर |

जब किसी प्राचीन भाषा और संस्कृति की उपेक्षा सरकार और समाज दोनों करने लग जाएं तो उसके उद्धार के लिए किसी न किसी मसीहा को जन्म लेना पड़ता है । भगवान् महावीर के उपदेशों की भाषा जिसमें सम्पूर्ण मूल जिनागम रचा गया ऐसी भारत की सर्व प्राचीन और सर्व भाषाओं की जननी प्राकृत भाषा जब अपने ही भारत में ही इतनी  उपेक्षित होने लगी कि लोग यह भी भूल गए कि नमस्कार मंत्र किस भाषा में रचित है तब उस जननी जनभाषा प्राकृत के उद्धार के लिए २१वीं सदी  में सिद्धांत चक्रवर्ती आचार्य विद्यानंद जी ने मसीहा का कार्य किया और आज ऐसा दिन आ गया है कि कुछ लोग प्राकृत भाषा का महत्व समझने लगे हैं ,उसे पढ़ना लिखना सीख रहे हैं , कई मुनि और विद्वान् इस भाषा में नयी रचनाएं भी कर रहे हैं ।

*प्राकृत दिवस का इतिहास*

श्रुत पञ्चमी के दिन को प्राकृत भाषा दिवस के रूप में भी मनाने का संकल्प १९९४ में प्रारंभ हुआ | नई दिल्ली में कुन्दकुन्द भारती परिसर में आचार्य विद्यानंद मुनिराज के पावन सान्निध्य में दिनांक २८-३० ओक्टुबर १९९४ को राष्ट्रिय शौरसेनी प्राकृत संगोष्ठी में विद्वान डॉ.फूलचंद जैन प्रेमी ,जी वाराणसी ने प्रस्ताव रखा कि हिंदी दिवस ,संस्कृत दिवस की तरह प्राकृत भाषा और उसके विकास के लिए *प्राकृत-दिवस* के रूप में श्रुत पञ्चमी ( ज्येष्ठ शुक्ल पञ्चमी) का दिन प्रति वर्ष मनाया जाय | डॉ.रमेशचंद जैन जी,बिजनौर ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया और आचार्य विद्यानंद मुनिराज के आशीर्वाद से १९९५ से यह दिन प्राकृत दिवस के रूप में भी आज तक मनाया जा रहा है |( देखें-प्राकृत विद्या ओक्टुबर-दिसंबर १९९४ ,पृष्ठ ७३ पर प्रकाशित संस्तुति संख्या पांच  )

*प्राकृत भाषा को पहचानने के पांच स्वर्णिम नियम*

वर्तमान में यह एक सुखद समाचार है कि प्राकृत आगमों का स्वाध्याय समाज में बढ़ा है किन्तु प्राकृत भाषा के ज्ञान तो दूर उसके सामान्य परिचय के अभाव में कई चीजें समझ नहीं पाते हैं | मैंने अक्सर बड़े बड़े पोस्टरों,बैनरों यहाँ तक कि दीवालों पर खुदा हुआ भी गाथाओं का अशुद्ध पाठ देखा है |जैसे चत्तारि पाठ में ‘मंगलं’ के स्थान पर  ‘मंगलम्’ लिखा रहता है | अतः हमें इस भाषा का सामान्य ज्ञान अवश्य होना चाहिए ताकि अशुद्धि न हो | इसके लिए मैं मात्र प्रमुख पांच नियम यहाँ आपको समझने के लिए दे रहा हूँ ताकि आप इस भाषा को पहचान तो सकें -

१. *प्राकृत भाषा में हलंत (  ्‌ ) का प्रयोग कभी नहीं होता । जैसे प्राकृत में *मंगलम्* कभी भी और कहीं भी नहीं लिखा जाता है । हमेशा *मंगलं* लिखा जाता है ।*

२.  *कभी भी विसर्ग ( : ) का प्रयोग नहीं होता है जैसे *रामः* *कभी नहीं लिखा जाता हमेशा *रामो* *लिखा जाता है* ।

३. *हमेशा एकवचन और  बहुवचन का प्रयोग होता है कभी द्विवचन का प्रयोग नहीं होता* ।

४. *स्वरों में *ऐ,औ,अ:,लृ,ॡ और ऋ, ॠ* *का प्रयोग कभी नहीं होता* ।

५. *व्यंजन में  *ञ् ,ङ् , क्ष ,त्र , ष* *का प्रयोग नहीं होता।* *मागधी प्राकृत को छोड़कर कहीं भी *श* *का प्रयोग भी नहीं होता ।*

 
*प्राकृत दिवस कैसे मनाएं ?*

 श्रुत पञ्चमी के पावन दिन प्राकृत दिवस मनाने का शुभ संकल्प हम सभी को अवश्य करना चाहिए |

👉 *इस दिन प्राकृत की पांडुलिपियों  के संपादन,अनुवाद एवं प्रकाशन की योजनायें बननी चाहिए ताकि शेष ग्रन्थ भी स्वाध्याय हेतु सामने आ सकें |*

👉 *प्राकृत भाषा सिखाने की कार्यशाला होनी चाहिए ताकि लोग आगमों को स्वयं पढ़ सकें | प्राकृत कवि सम्मेलन होने चाहिये |*

👉 *मंदिरों,स्वाध्याय भवनों,संस्थाओं में दीवारों पर प्राकृत गाथाएं ,सुभाषित स्वर्ण अक्षरों में लिखवाने चाहिए ताकि आम जन उससे लाभान्वित हो सकें | नयी पीढ़ी में संस्कार पड़ सकें |*

👉 *मूल आगम गाथा पाठ  का आयोजन करना चाहिए |*

👉 *गाथाएं कंठस्थ करने की प्रतियोगिताएं रखनी चाहिए |*

👉 *जय जिनेन्द्र की तरह प्राकृत में जयदु जिणिन्दो / णमो जिणाणं अभिवादन करना चाहिए |*

👉 *कार्यक्रमों के प्रारंभ में प्राकृत मंगलाचरण अवश्य करना चाहिए |*

इसके अलावा अन्य अनेक व्याख्यान,संगोष्ठी आदि के द्वारा इस पावन दिन को यदि उत्साह पूर्वक हम करते हैं तो उससे जन जागृति होती है | हमारी वर्तमान और आने वाली पीढ़ी जिन्हें अब हिंदी समझना भी दुश्वार हो गया है उनके बीच यदि हम वर्तमान और भविष्य के लिए भाषा ,संस्कृति,संस्कार,ज्ञान,जीवन मूल्य  और जिनवाणी सुरक्षित रखना चाहते हैं तो ये प्रयत्न हमें करने ही होंगे |
Prof Anekant Kumar Jain 


प्राकृत विद्या भवन ,जिन फाउंडेशन,नई दिल्ली 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

वर्तमान में बढ़ते मंदिर और मूर्तियों का औचित्य

                                                              वर्तमान में बढ़ते मंदिर और मूर्तियों का औचित्य                                                                        प्रो अनेकांत कुमार जैन ,नई दिल्ली जैन परंपरा में मंदिर और मूर्ति निर्माण का इतिहास बहुत पुराना है | खारवेल के हाथी गुम्फा अभिलेख में कलिंग जिन की मूर्ति वापस लाने का उल्लेख है | वर्तमान में सबसे प्राचीन जैन मूर्ति पटना के लोहनीपुर स्थान से प्राप्त हुई है। यह मूर्ति मौर्यकाल   की है और पटना म्यूजियम में रखी हुई है। इसकी चमकदार पालिस अभी तक भी ज्यों की त्यों बनी है। लाहौर , मथुरा , लखनऊ , प्रयाग आदि के म्यूजियमों में भी अनेक जैन मूर्तियाँ मौजूद हैं। इनमें से कुछ गुप्तकालीन हैं। श्री वासुदेव उपाध्याय ने लिखा है कि मथुरा में २४वें तीर्थंकर वर्धमान महावीर की एक मूर्ति मिली है जो कुमारगुप्त के समय में तैयार की गई थी। वास्तव में मथुरा में जैनमूर्ति कला की दृष्टि से भी बहुत काम हुआ है। श्री रायकृष्णदास ने लिखा है कि मथुरा की शुंगकालीन कला मुख्यत: जैन सम्प्रदाय की है। खण्डगिरि और उदयगिरि में ई. पू. १८८-३० तब क

आचार्य फूलचन्द्र जैन प्रेमी : व्यक्तित्व और कर्तृत्त्व

 आचार्य फूलचन्द्र जैन प्रेमी  : व्यक्तित्व और कर्तृत्त्व   (जन्मदिन के 75 वर्ष पूर्ण करने पर हीरक जयंती वर्ष पर विशेष ) #jainism #jainphilosophy #Jainscholar #Jain writer #jaindarshan #Philosophy #Prakrit language #Premiji #Prof Phoolchand jain ( विशेष निवेदन  : 1.प्रो प्रेमी जी की  इस जीवन यात्रा में  निश्चित ही आपका भी आत्मीय संपर्क इनके साथ रहा होगा ,आप चाहें तो उनके साथ आपके संस्मरण ,रोचक वाकिये,शुभकामनाएं और बधाई आप नीचे कॉमेंट बॉक्स में लिखकर पोस्ट कर सकते हैं | 2. इस लेख को पत्र पत्रिका अखबार वेबसाइट आदि प्रकाशन हेतु स्वतंत्र हैं । प्रकाशन के अनन्तर इसकी सूचना 9711397716 पर अवश्य देवें   - धन्यवाद ) प्राच्य विद्या एवं जैन जगत् के वरिष्ठ मनीषी श्रुत सेवी आदरणीय   प्रो.डॉ. फूलचन्द्र जैन प्रेमी जी श्रुत साधना की एक अनुकरणीय मिसाल हैं , जिनका पूरा जीवन मात्र और मात्र भारतीय प्राचीन विद्याओं , भाषाओँ , धर्मों , दर्शनों और संस्कृतियों को संरक्षित और संवर्धित करने में गुजरा है । काशी में रहते हुए आज वे अपने जीवन के पचहत्तर वर्ष और विवाह के पचास वर्ष पूरे कर र

काशी के स्याद्वाद का स्वतंत्रता संग्राम

काशी के स्याद्वाद का स्वतंत्रता संग्राम प्रो अनेकांत कुमार जैन आचार्य – जैनदर्शन विभाग श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली-16,Ph  ,9711397716 १९४२ में काशी के भदैनी क्षेत्र में गंगा के मनमोहक तट जैन घाट पर स्थित स्याद्वाद महाविद्यालय और उसका छात्रावास आजादी की लड़ाई में अगस्त क्रांति का गढ़ बन चुका था |  जब काशी विद्यापीठ पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया , काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के छात्रावास जबरन खाली करवा दिया गया और आन्दोलन नेतृत्त्व विहीन हो गया तब आन्दोलन की बुझती हुई लौ को जलाने का काम इसी स्याद्वाद महाविद्यालय के जैन छात्रावास ने किया था | उन दिनों यहाँ के जैन विद्यार्थियों ने पूरे बनारस के संस्कृत छोटी बड़ी पाठशालाओं ,विद्यालयों और महाविद्यालयों में जा जा कर उन्हें जगाने का कार्य किया ,हड़ताल के लिए उकसाया ,पर्चे बांटे और जुलूस निकाले |यहाँ के एक विद्यार्थी दयाचंद जैन वापस नहीं लौटे , पुलिस उन्हें खोज रही थी अतः खबर उड़ा दी गई कि उन्हें गोली मार दी गई है,बी एच यू में उनके लिए शोक प्रस्ताव भी पास हो गया | उन्हें जीवित अवस्था में ही अमर शहीद ह