सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

जगत की निंदा प्रशंसा से कुछ नहीं होता

*जगत की निंदा प्रशंसा से कुछ नहीं होता*

प्रो.अनेकान्त कुमार जैन ,नई दिल्ली 

हममें से अधिकांश लोग लोक की सारहीन निंदा या प्रशंसा के चक्कर में आकर अपना बहुमूल्य मन,जीवन और समय व्यर्थ गवां दिया करते हैं । 
संसार ओछे लोगों का साम्राज्य है । यहाँ चप्पे चप्पे पर ऐसे लोग मिल जाते हैं जो निंदा के द्वारा आपके मनोबल को तोड़ने का प्रयास करते हैं या फिर व्यर्थ की प्रशंसा करके आपके मजबूत मन को गुब्बारे की तरह हद से ज्यादा फुला कर फोड़ने  की कोशिश में रहते हैं । 

यदि हम जगत की इन दोनों प्रतिक्रियाओं से प्रभावहीन होकर ऊपर उठने की कला नहीं सीख पाए तो कभी भी अपना कल्याण नहीं कर सकते हैं । 

भेद विज्ञान एक ऐसी कला है जो हमें इन छुद्र चीजों से प्रभावित होने से बचाये रखती है । 

वर्तमान में इस कला की आवश्यकता इसलिए ज्यादा है कि सोशल मीडिया पर बुलिंग और मीम की शिकार नई पीढ़ी उम्र की उठान पर ही घनघोर हताशा और निराशा की शिकार है । आत्ममुग्धता के इस भयानक दौर में न तो निंदा सहने की क्षमता बची है और न ही प्रशंसा को पचाने की पाचन शक्ति । अब तो हमने अपने मन के महल की सारी चाबियां दूसरों के हाथों में सौंप दी हैं । 

अपने मन को इस प्रकार के दुष्प्रभावों से बचाने का हमारे पास सम्यक्त्व पूर्ण चिंतन और ज्ञान का ठोस आधार होना चाहिए । भेद विज्ञान का आध्यात्मिक चिंतन इसमें हमारी बहुत बड़ी मदद कर सकता है । 

हमें अपना आत्म मूल्यांकन करते हुए  दृढ़ता पूर्वक विचार करना चाहिए कि 
मैं किसी के निंदा करने पर निन्दनीय नहीं हो जाता और न किसी के प्रशंसा करने से प्रशंसनीय होता हूँ।

जब अपने सात्विक लक्ष्य के प्रति मेरा उत्साह कम हो ,मैं अपने आत्म कल्याण की भावना से दूर हो जाऊं ,   मेरे भीतर क्रोध मान माया लोभ की प्रबलता बढ़ने लगे  ,हिंसा झूठ चोरी कुशील परिग्रह के भाव तीव्रता पर हों , वीतराग भगवान् की भक्ति का भाव न आ रहा हो, तब सारा जगत भी मेरी प्रशंसा करे तो भी मेरी परिणति निन्दनीय है । मैं वास्तव निंदा का ही पात्र हूँ ।

किंतु
जब मुझमें अपने सात्विक लक्ष्य के प्रति उत्साह हो , वीतरागी भगवान् के प्रति भक्ति भाव बढ़ता रहे ,शील का पालन निरंतर हो रहा हो ,स्वाध्याय में मन लगता हो ,संयम की साधना का पुरुषार्थ हो,आत्मचिंतन बढ़े ,स्वपर कल्याण का भाव विकसित होता रहे, सभी जीवों के प्रति करुणा और दया का भाव विकसित होता हो तब सारी दुनिया भी मेरी निंदा करे तो भी मेरी परिणति प्रशंसनीय है। 

वैसे भी किसी की प्रशंसा या निंदा हमें  संवर या निर्जरा नहीं देती है ।

हम धरती पर मनुष्य के रूप में ज्यादा से ज्यादा 80-100 साल के लिए पैदा हुए हैं ,उसमें भी आधा जीवन दूसरों के इन्हीं ख्यालों के ताने बाने में व्यर्थ चला गया । दूसरों की नज़रों में खुद को तौलते तौलते हम अपनी नजरों में अपना माप लगाना ही भूल गए । 

अरे !कोई मेरी निंदा करे या  प्रशंसा, इससे मेरा क्या प्रयोजन ? मैंने अब ये भव अपने अनंत भव सुधारने में लगाने का पुरुषार्थ प्रारम्भ किया है।
सम्यग्ज्ञान का फल है -  हेय,उपादेय और उपेक्षा । पर द्रव्य मेरे लिए हेय है । अपनी शुद्धात्मा उपादेय है और जगत की निंदा प्रशंसा आदि क्षणिक प्रतिक्रियाएं मेरे लिए उपेक्षणीय है । आज के वातावरण के अनुसार दूसरों द्वारा की गई हर प्रतिक्रिया से बचने के लिए एक नए मंत्र का जाप प्रसिद्ध हो रहा है - 

*ॐ इग्नोराय नमः*, सर्वशान्तिं कुरु कुरु स्वाहा ।

29/06/2025

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कुंडलपुर के तीर्थंकर आदिनाथ या बड़े बाबा : एक पुनर्विचार

*कुंडलपुर के तीर्थंकर आदिनाथ या बड़े बाबा : एक पुनर्विचार* प्रो अनेकान्त कुमार जैन,नई दिल्ली drakjain2016@gmail.com मैं कभी कभी आचार्य समन्तभद्र के शब्द चयन पर विचार करता हूँ और आनंदित होता हूँ कि वे कितनी दूरदर्शिता से अपने साहित्य में उत्कृष्ट से उत्कृष्ट शब्द चयन पर ध्यान देते थे । एक दिन मैं अपने विद्यार्थियों को उनकी कृति रत्नकरंड श्रावकाचार पढ़ा रहा था । श्लोक था -  श्रद्धानं परमार्थानामाप्तागमतपोभृताम् । त्रिमूढापोढमष्टांङ्गं सम्यग्दर्शनमस्मयम् ॥ इसकी व्याख्या के समय एक छात्रा ने पूछा कि गुरुजी ! देव ,शास्त्र और गुरु शब्द संस्कृत का भी है , प्रसिद्ध भी है ,उचित भी है फिर आचार्य ने उसके स्थान पर आप्त,आगम और तपस्वी शब्द का ही प्रयोग क्यों किया ? जब  कि अन्य अनेक ग्रंथों में ,पूजा पाठादि में देव शास्त्र गुरु शब्द ही प्रयोग करते हैं । प्रश्न ज़ोरदार था । उसका एक उत्तर तो यह था कि आचार्य साहित्य वैभव के लिए भिन्न भिन्न पर्यायवाची शब्दों का प्रयोग करते हैं जैसे उन्होंने अकेले सम्यग्दर्शन के लिए भी अलग अलग श्लोकों में अलग अलग शब्द प्रयोग किये हैं ।  लेकिन...

कैसे बढ़ेगी जैनों की घटती जनसँख्या ?- प्रो.डॉ अनेकांत कुमार जैन

कैसे बढ़े जैनों की घटती आबादी ? डॉ. अनेकांत कुमार जैन , नई दिल्ली , anekant 76 @gmail.com भारत में जैनों की जनसँख्या की विकास दर नगण्य रूप से सामने आ रही है | यह एक महान चिंता का विषय है | इस विषय पर सबसे पहले हम कुछ प्राचीन आंकड़ों पर विचार करें | तात्या साहब के. चोपड़े का मराठी भाषा 1945 में प्रकाशित एक महत्वपूर्ण पुस्तक है ‘ जैन आणि हिन्दू ’ , इस पुस्तक के पृष्ठ ४७ -४८ पर कुछ चौकाने वाले तथ्य लिखे हैं जिसका उल्लेख आचार्य विद्यानंद मुनिराज की महत्वपूर्ण पुस्तक ‘ महात्मा गांधी और जैन धर्म ’ में है – १. ईसा के १००० साल पहले ४० करोड़ जैन थे | २. ईसा के ५००-६०० साल पहले २५ करोड़ जैन थे   | ३. ईश्वी ८१५ में सम्राट अमोघवर्ष के काल में २० करोड़ जैन थे   | ४. ईश्वी ११७३ में महाराजा कुमारपाल के काल में १२ करोड़ जैन थे   | ५. ईश्वी १५५६ अकबर के काल में ४ करोड़ जैन थे | यदि इन आंकड़ो को सही माना जाय तो यह अत्यधिक चिंता का विषय है कि अकबर के काल से २५०० वर्ष पहले जैन ४० करोड़ थी और उसके समय तक यह संख्या ९०% की कमी के बाद महज १०% बची | इसके बाद अब ...

युवा पीढ़ी का धर्म से पलायन क्यों ? दोषी कौन ? युवा या समाज ? या फिर खुद धर्म ? पढ़ें ,सोचने को मजबूर करने वाला एक विचारोत्तेजक लेख ••••••••••••👇​

युवा पीढ़ी का धर्म से पलायन क्यों ? दोषी कौन ? युवा या समाज ? या फिर खुद धर्म ? पढ़ें ,सोचने को मजबूर करने वाला एक विचारोत्तेजक लेख ••••••••••••👇​Must read and write your view