सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

पिताजी और पर्यावरण

*माता पिताजी का पर्यावरण बोध*

प्रो अनेकान्त कुमार जैन, नई दिल्ली

बचपन की मधुर स्मृतियां हम सभी को बार बार याद आती हैं साथ ही याद आती हैं उन दिनों पिताजी द्वारा प्रदत्त पर्यावरण संबंधी शिक्षाएं । ये भरकस उस दिन ज्यादा याद आया जब मैं अपनी बेटी को उसकी कक्षा 6 की पर्यावरण अध्ययन संबंधी किताब पढ़ा रहा था । उसने अनायास ही पूछा - पापा जी ,क्या ये कोर्स आपके पाठ्यक्रम में भी था ,जब आप कक्षा 6 में थे । तब मुझे लगा कि हमारे समय में इस तरह का पाठ्यक्रम नहीं होता था । तब यह भी याद आया कि माता पिता की बात बात पर प्रायोगिक शिक्षाओं में वे पर्यावरण संबंधी बोध कैसे कराते थे ।  

हम लोग बनारस की रवीन्द्रपुरी कॉलोनी में रहते थे और हमारे स्कूल 10 बजे से होने से पिताजी माता जी हमारी उंगली पकड़कर भदैनी स्थित श्री सुपार्श्वनाथ जैन मंदिर प्रातःकाल ही ले जाते थे । 

रास्ते में गलियों में कुछ सार्वजनिक सरकारी नल लगे होते और लोग उन नलों का प्रयोग करके उन्हें खुला ही छोड़ देते । पिताजी को यह बिल्कुल सहन नहीं था ,वे उन नलों को बंद करते जाते । साथ ही हमें भेज कर हमसे बंद करवाते । एक दिन मैंने उनसे पूछा कि यह नल हमने तो खोला नहीं ,फिर आप इन्हें क्यों बंद करते फिरते हैं ?
वे बड़े ही शांत भाव से समझाते कि लोग नहीं समझते हैं कि जल की कितनी कीमत है ,लेकिन हम तो समझते हैं । आप इस तरह कहाँ कहाँ तक नल बंद करेंगे ? हमारे सहज प्रश्न पर वे अक्सर कहते - हम रास्ते से पैदल जा रहे हैं ,नल बंद करने में हमारा क्या लगता है ? कम से कम उतना पानी तो व्यर्थ नहीं जाता और जैन दर्शन के अनुसार जल में जलकायिक जीव होते हैं ,उनकी व्यर्थ विराधना होने से भी बचती है । हमें अपनी आवश्यकता के अनुसार ही चीजों का उपयोग करना चाहिए । 
वो दिन थे और आज का दिन है मुझे आज भी कहीं नल खुले दिखते हैं तो मेरे हाथ अबुद्धिपूर्वक उन्हें बंद करने के लिए सहसा ही उठ जाते हैं ।

उसी तरह शाम के भोजन के उपरांत माता पिताजी पास स्थित आनंद पार्क हमें खेलने के लिए लगभग रोज ही ले जाते थे । वहाँ हम घास पर दौड़ें तो कहते थे कि सीमेंट की पट्टी जो चलने के लिए बनी है उस पर दौड़ो । पूछने पर कहते कि शाम को घास पर अनेक जीव आ जाते हैं ,हमारे दौड़ने से उनकी विराधना होती है और घास पर दौड़ने से उसका विकास रुक जाता है और कभी कभी वह खत्म भी हो जाती है । 
हम सहसा रुक जाते और पट्टियों पर ही दौड़ते । 
कभी घास पर बैठ जाओ तो बातचीत करते करते हमारी उंगलियों से घास उखाड़ने की आदत,पास के पौधों की व्यर्थ ही पत्तियां या टहनियां तोड़ने की आदत - वे टोक टोक कर छुड़ाते ही रहे । उसी समय माँ समझतीं कि बेटा , यह अनर्थदंड है ,पौधों में भी जीवन होता है ,उन्हें भी कष्ट होता है ।हम ऐसा करके व्यर्थ ही हिंसा करते हैं और अपनी आदत सुधारकर इस व्यर्थ हिंसा से बच सकते हैं । हम कभी कभी बहुत झुंझला भी जाते थे । लेकिन वे बड़े प्यार से समझाते कि पेड़ पौधे जल आदि यह सब हमारा जीवन हैं ,इनका हम उतना ही उपयोग करें जितनी हमें जरूरत है ,व्यर्थ में पाप करने से क्या फायदा ? 

रास्ते में बिना नीचे देखें चलें और नीचे चींटियों का झुंड पैरों तले आ जाये तो एक झापड़ भी उपहार स्वरूप मिल जाता था ताकि याद रहे कि सामने देखते हुए चलना चाहिए और कोई टकराने की वस्तु या जीव जंतु दिखें तो बचकर दूर से निकलना चाहिए ताकि कोई अपनी और उनकी हानि न हो । 

पूछने पर समझाते कि बेटा इनको भी हमारी ही तरह जीने का अधिकार है ,ये कमजोर हैं इसका मतलब यह नहीं कि हम इन्हें रौंदते हुए निकल जाएं । 

ऊर्जा संरक्षण के भाव उनमें आज भी कूट कूट कर भरे हुए हैं । सामान्य गर्मी पर पंखा चलाने की अनुमति आज भी नहीं है । हमेशा कहते कि थोड़ा सहन करना भी सीखो । शरीर को बहुत सुखमय मत बनाओ ,कमजोर हो जाएगा । 
दिन के समय घर में बल्ब जलाने की अनुमति नहीं थी ,कहते कि जब दिन है तो खिड़की खोल लो ,सूर्य का प्रकाश अंदर आने दो । 
हमें अक्सर लगता कि ये बिजली का बिल बचाने के लिए ऐसा कहते हैं । किन्तु वे अक्सर कहते थे कि ऊर्जा की अत्यधिक खपत पर्यावरण के लिए भी ठीक नहीं है । यदि हमारे पास बिल भरने के लिए पैसा है भी तो भी ऊर्जा का भंडार तो सीमित ही है न ,अतः उसका अनावश्यक प्रयोग नहीं करना चाहिए । 

ये सावधानियां आज भी जेहन में बसी हुई हैं । जितना हो सके उसका पालन करने का भी प्रयास अपने आप होता रहता है । 

अब इस तरह का प्रायोगिक पर्यावरण बोध क्या हमें किताबों से सीखने को मिलेगा ? नई शिक्षा नीति में इस बात पर भी विचार होना चाहिए । 

इस तरह के हज़ारों अनेक प्रसंग हैं जिन्होंने हमें वो सब कुछ सिखाया जिन्हें किताबें नहीं सिखा पाती हैं ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कुंडलपुर के तीर्थंकर आदिनाथ या बड़े बाबा : एक पुनर्विचार

*कुंडलपुर के तीर्थंकर आदिनाथ या बड़े बाबा : एक पुनर्विचार* प्रो अनेकान्त कुमार जैन,नई दिल्ली drakjain2016@gmail.com मैं कभी कभी आचार्य समन्तभद्र के शब्द चयन पर विचार करता हूँ और आनंदित होता हूँ कि वे कितनी दूरदर्शिता से अपने साहित्य में उत्कृष्ट से उत्कृष्ट शब्द चयन पर ध्यान देते थे । एक दिन मैं अपने विद्यार्थियों को उनकी कृति रत्नकरंड श्रावकाचार पढ़ा रहा था । श्लोक था -  श्रद्धानं परमार्थानामाप्तागमतपोभृताम् । त्रिमूढापोढमष्टांङ्गं सम्यग्दर्शनमस्मयम् ॥ इसकी व्याख्या के समय एक छात्रा ने पूछा कि गुरुजी ! देव ,शास्त्र और गुरु शब्द संस्कृत का भी है , प्रसिद्ध भी है ,उचित भी है फिर आचार्य ने उसके स्थान पर आप्त,आगम और तपस्वी शब्द का ही प्रयोग क्यों किया ? जब  कि अन्य अनेक ग्रंथों में ,पूजा पाठादि में देव शास्त्र गुरु शब्द ही प्रयोग करते हैं । प्रश्न ज़ोरदार था । उसका एक उत्तर तो यह था कि आचार्य साहित्य वैभव के लिए भिन्न भिन्न पर्यायवाची शब्दों का प्रयोग करते हैं जैसे उन्होंने अकेले सम्यग्दर्शन के लिए भी अलग अलग श्लोकों में अलग अलग शब्द प्रयोग किये हैं ।  लेकिन...

कैसे बढ़ेगी जैनों की घटती जनसँख्या ?- प्रो.डॉ अनेकांत कुमार जैन

कैसे बढ़े जैनों की घटती आबादी ? डॉ. अनेकांत कुमार जैन , नई दिल्ली , anekant 76 @gmail.com भारत में जैनों की जनसँख्या की विकास दर नगण्य रूप से सामने आ रही है | यह एक महान चिंता का विषय है | इस विषय पर सबसे पहले हम कुछ प्राचीन आंकड़ों पर विचार करें | तात्या साहब के. चोपड़े का मराठी भाषा 1945 में प्रकाशित एक महत्वपूर्ण पुस्तक है ‘ जैन आणि हिन्दू ’ , इस पुस्तक के पृष्ठ ४७ -४८ पर कुछ चौकाने वाले तथ्य लिखे हैं जिसका उल्लेख आचार्य विद्यानंद मुनिराज की महत्वपूर्ण पुस्तक ‘ महात्मा गांधी और जैन धर्म ’ में है – १. ईसा के १००० साल पहले ४० करोड़ जैन थे | २. ईसा के ५००-६०० साल पहले २५ करोड़ जैन थे   | ३. ईश्वी ८१५ में सम्राट अमोघवर्ष के काल में २० करोड़ जैन थे   | ४. ईश्वी ११७३ में महाराजा कुमारपाल के काल में १२ करोड़ जैन थे   | ५. ईश्वी १५५६ अकबर के काल में ४ करोड़ जैन थे | यदि इन आंकड़ो को सही माना जाय तो यह अत्यधिक चिंता का विषय है कि अकबर के काल से २५०० वर्ष पहले जैन ४० करोड़ थी और उसके समय तक यह संख्या ९०% की कमी के बाद महज १०% बची | इसके बाद अब ...

युवा पीढ़ी का धर्म से पलायन क्यों ? दोषी कौन ? युवा या समाज ? या फिर खुद धर्म ? पढ़ें ,सोचने को मजबूर करने वाला एक विचारोत्तेजक लेख ••••••••••••👇​

युवा पीढ़ी का धर्म से पलायन क्यों ? दोषी कौन ? युवा या समाज ? या फिर खुद धर्म ? पढ़ें ,सोचने को मजबूर करने वाला एक विचारोत्तेजक लेख ••••••••••••👇​Must read and write your view