सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

लघुकथा - गुरुकुल बनाम गुरूमन्दिर

*लघुकथा*

*गुरुकुल बनाम गुरूमन्दिर*

प्रो अनेकान्त जैन

drakjain2016@gmail.com

22/02/2021
प्रातः7बजे

एक गुरु जी ने एक आध्यात्मिक गुरुकुल खोला । वे बहुत समर्पण के साथ अध्यापन कार्य करते थे । उनके शिष्य बहुत ज्ञानी होने लगे जिससे उनकी ख्याति भी देश विदेश में फैलने लगी । सैकड़ों शिष्य रोजाना अध्ययन करते । गुरु जी दो समय प्रवचन भी करते जिसमें हजारों आम  श्रोता भी आते और ज्ञान प्राप्त करते ।

एक दिन गुरु जी की आयु पूर्ण हो गयी । अपने एक शिष्य को गुरुकुल सौंप कर स्वर्ग सिधार गए । 

वह प्रधान शिष्य गुरु जी द्वारा सीखे गए ज्ञान को वितरित करने लगा । 
पर अब वैसा महौल नहीं रह गया । शिष्य भी गुरु जी को बहुत याद करते । एक दिन सभी ने निर्णय लिया कि गुरुकुल में गुरु जी की एक प्रतिमा स्थापित की जाए ताकि हम सभी साक्षात् उन्हें देखकर उनकी याद कर सकें और प्रेरित हो सकें । ऐसा ही हुआ । 

कक्षाएं पूर्ववत् चलती रहीं । प्रतिमा बनी तो लोग उनपर अर्घ समर्पित करने लगे । एक शिष्य ने भक्ति पूर्ण पूजन लिख दी तो सभी प्रतिदिन प्रतिमा के समक्ष उस पूजन को पढ़ने लगे । 

एक ने गुरु जी की याद में एक बहुत भावुक भजन और आरती लिख दी तो रोज शाम को उनकी प्रतिमा के समक्ष आरती और भजन होने लगे ।

अब गुरुकुल में उतनी कक्षाएं नहीं चलती थीं । अधिकांश समय इसमें ही लगने लगा ।

फिर भी शास्त्रों का  अध्ययन अध्यापन चल रहा था ।

समाज के लोग कक्षा में तो आते नहीं थे । हाँ ,गुरु जी की याद करने कुछ प्रातः पूजन में और अधिकतर लोग शाम की आरती में आने लगे । 

गुरुकुल के शिष्यों में कुछ का मन पढ़ने में कम और संगीत में ज्यादा लगता था , वे पूजन और भजन को अधिक रोचक बनाने लगे । गुरुकुल का खर्च बढ़ रहा था । समाज इन्हीं कार्यों में ज्यादा रुचि लेती और गुरु जी के नाम पर दान भी उसी समय देती ।अतः गुरुकुल के अधिकांश लोग प्रातः गुरु जी की  पूजन के साथ अभिषेक भी करने करवाने लगे । उससे संसार के दुख दूर होते हैं और धन संपत्ति की प्राप्ति होती है- यह बताने लगे । 

शाम को आरती के बाद गुरु जी की जीवन कथा का विशेष आयोजन होने लगा । उसमें भी भक्त काफी संख्या में आने लगे ।दान भी काफी आने लगा ।
अब गुरुकुल बहुत सुविधा सम्पन्न हो गया । बहुत स्वादिष्ट भोजन मिलने लगा । सुंदर संगमरमर की इमारत खड़ी हो गयी । 

अब वह गुरुकुल की जगह गुरु मंदिर के नाम से जाना जाने लगा । 
अधिकांश
शिष्य भी धनोपार्जन में व्यस्त हो गए ।

फिर भी अभी भी कुछ शिष्य एक कमरे में गुरु जी के ज्ञान का,शास्त्रों का स्वाध्याय करते करवाते थे । कुछ रुचिवन्त पढ़ते भी थे । उन्हें यह इस तरह का विकास गुरु जी के सिद्धांतों के विरुद्ध लगता था । वे आये दिन अपने वक्तव्यों में उनकी मूर्ति की पूजा,अभिषेक की आलोचना भी करते और उनके ज्ञान को धारण करने में ही उनकी सच्ची भक्ति बतलाते ।

धीरे धीरे वक्त बीतता गया । मात्र ज्ञान की चर्चा करने वालों को गुरु विरोधी माना जाने लगा । कुछ चालाक शिष्यों ने जिन्हें आम जनता का समर्थन प्राप्त था ज्ञानी शिष्यों को धर्म विरोधी तक करार दिया और उस एक मात्र चल रही कक्षा को बंद करवा कर उन्हें बाहर कर दिया ।

अब गुरु मंदिर में गुरु जी के लिखे शास्त्र अलमारियों में रखे अवश्य थे पर उसे न कोई खोलता न अध्ययन करता । 

समय बीतता गया । गुरु मंदिर के चारों ओर पूजा पाठ की अनेक दुकानें खुल गईं ,धर्म शालाएं बन गईं,वार्षिक मेले का आयोजन होने लगा । 

करोड़ों का धन आने लगा । बहुत बड़ा मैनजमेंट बन गया । इतना पैसा आया कि संस्था ने मेडिकल कॉलेज, इंजिनयरिंग कॉलेज खोल डाले । संस्था के लोग बताते कि गुरु जी ज्ञान को बहुत महत्त्व देते थे अतः हमने कॉलेज खोलकर उनकी इच्छा पूरी की है तथा समाज को ज्ञान दिया है ।

गुरु जी के द्वारा लिखी गयी पुस्तकें अब पढ़ने में भी दुरूह होने लगीं । उसकी भाषा भी समझना कठिन हो गया । कोई अर्थ बताने वाला नहीं बचा । एक लकड़ी की आलमारी जिसे दीमक ने पीछे से खाना शुरू किया उसने उसमें रखे गुरु जी द्वारा लिखे शास्त्र भी खा लिए । 

एक दिन उनका एक पुराना ज्ञानी शिष्य वहां आया और उसने कहा कि गुरु जी के शास्त्र सुरक्षित करो । वह कक्षा लेने लगा । प्रशासन को यह रास न आया उन्हें लगा हम जो क्रिया कर रहे हैं ,गुरु जी तो उसका निषेध करते थे । अगर यह सब सामने आया तो सब धंधा चौपट हो जाएगा । 
उन्होंने उस ज्ञानी शिष्य पर उल्टे सीधे आरोप लगाए और बाहर कर दिया और गुरु जी का साहित्य कभी कोई पढ़कर हम पर उंगली न उठाये यह सोच कर वह बचा हुआ साहित्य भी नष्ट कर दिया ।

अब गुरु जी के गुरुकुल में सब कुछ हो रहा था उनका ज्ञान छोड़कर ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कुंडलपुर के तीर्थंकर आदिनाथ या बड़े बाबा : एक पुनर्विचार

*कुंडलपुर के तीर्थंकर आदिनाथ या बड़े बाबा : एक पुनर्विचार* प्रो अनेकान्त कुमार जैन,नई दिल्ली drakjain2016@gmail.com मैं कभी कभी आचार्य समन्तभद्र के शब्द चयन पर विचार करता हूँ और आनंदित होता हूँ कि वे कितनी दूरदर्शिता से अपने साहित्य में उत्कृष्ट से उत्कृष्ट शब्द चयन पर ध्यान देते थे । एक दिन मैं अपने विद्यार्थियों को उनकी कृति रत्नकरंड श्रावकाचार पढ़ा रहा था । श्लोक था -  श्रद्धानं परमार्थानामाप्तागमतपोभृताम् । त्रिमूढापोढमष्टांङ्गं सम्यग्दर्शनमस्मयम् ॥ इसकी व्याख्या के समय एक छात्रा ने पूछा कि गुरुजी ! देव ,शास्त्र और गुरु शब्द संस्कृत का भी है , प्रसिद्ध भी है ,उचित भी है फिर आचार्य ने उसके स्थान पर आप्त,आगम और तपस्वी शब्द का ही प्रयोग क्यों किया ? जब  कि अन्य अनेक ग्रंथों में ,पूजा पाठादि में देव शास्त्र गुरु शब्द ही प्रयोग करते हैं । प्रश्न ज़ोरदार था । उसका एक उत्तर तो यह था कि आचार्य साहित्य वैभव के लिए भिन्न भिन्न पर्यायवाची शब्दों का प्रयोग करते हैं जैसे उन्होंने अकेले सम्यग्दर्शन के लिए भी अलग अलग श्लोकों में अलग अलग शब्द प्रयोग किये हैं ।  लेकिन...

कैसे बढ़ेगी जैनों की घटती जनसँख्या ?- प्रो.डॉ अनेकांत कुमार जैन

कैसे बढ़े जैनों की घटती आबादी ? डॉ. अनेकांत कुमार जैन , नई दिल्ली , anekant 76 @gmail.com भारत में जैनों की जनसँख्या की विकास दर नगण्य रूप से सामने आ रही है | यह एक महान चिंता का विषय है | इस विषय पर सबसे पहले हम कुछ प्राचीन आंकड़ों पर विचार करें | तात्या साहब के. चोपड़े का मराठी भाषा 1945 में प्रकाशित एक महत्वपूर्ण पुस्तक है ‘ जैन आणि हिन्दू ’ , इस पुस्तक के पृष्ठ ४७ -४८ पर कुछ चौकाने वाले तथ्य लिखे हैं जिसका उल्लेख आचार्य विद्यानंद मुनिराज की महत्वपूर्ण पुस्तक ‘ महात्मा गांधी और जैन धर्म ’ में है – १. ईसा के १००० साल पहले ४० करोड़ जैन थे | २. ईसा के ५००-६०० साल पहले २५ करोड़ जैन थे   | ३. ईश्वी ८१५ में सम्राट अमोघवर्ष के काल में २० करोड़ जैन थे   | ४. ईश्वी ११७३ में महाराजा कुमारपाल के काल में १२ करोड़ जैन थे   | ५. ईश्वी १५५६ अकबर के काल में ४ करोड़ जैन थे | यदि इन आंकड़ो को सही माना जाय तो यह अत्यधिक चिंता का विषय है कि अकबर के काल से २५०० वर्ष पहले जैन ४० करोड़ थी और उसके समय तक यह संख्या ९०% की कमी के बाद महज १०% बची | इसके बाद अब ...

युवा पीढ़ी का धर्म से पलायन क्यों ? दोषी कौन ? युवा या समाज ? या फिर खुद धर्म ? पढ़ें ,सोचने को मजबूर करने वाला एक विचारोत्तेजक लेख ••••••••••••👇​

युवा पीढ़ी का धर्म से पलायन क्यों ? दोषी कौन ? युवा या समाज ? या फिर खुद धर्म ? पढ़ें ,सोचने को मजबूर करने वाला एक विचारोत्तेजक लेख ••••••••••••👇​Must read and write your view